अंबिकापुरछत्तीसगढ़सरगुजा संभाग

सरगुजा संभाग में पहली बार महिला पुलिसकर्मियों के लिए विशेष ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कैम्प…

“जो समाज की सुरक्षा करती हैं, उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी”…

अंबिकापुर। समाज की सुरक्षा के लिए दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाली महिला पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को समर्पित एक विशेष पहल के तहत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सरगुजा, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), सरगुजा एवं लायंस क्लब, अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में 23 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे पुलिस लाइन, अंबिकापुर में ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।


सरगुजा संभाग में पहली बार महिला पुलिसकर्मियों के लिए विशेष रूप से ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कैम्प आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य जांच करना नहीं, बल्कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और ब्रेस्ट कैंसर की समय रहते पहचान एवं उपचार के महत्व का संदेश समाज तक पहुंचाना है।
महिला पुलिसकर्मी अपने परिवार और समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अक्सर दूसरों की जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हुए वे स्वयं के स्वास्थ्य को पीछे छोड़ देती हैं। इसी सोच को बदलने और यह संदेश देने के लिए यह पहल की जा रही है कि “स्वास्थ्य की देखभाल भी कर्तव्य का ही एक हिस्सा है।”
इस कैम्प में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयू प्रकाश सक्सेना के मार्गदर्शन में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम द्वारा ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया जाएगा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, सरगुजा के सचिव डॉ. अर्पण सिंह चौहान ने बताया कि इस पहल के माध्यम से महिला पुलिसकर्मियों के साथ-साथ समाज की अन्य महिलाओं को भी समय रहते अपने स्वास्थ्य की जांच कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

महिला पुलिसकर्मियों के साथ आमजन भी करा सकेंगे स्क्रीनिंग…

यह कार्यक्रम केवल महिला पुलिसकर्मियों तक सीमित नहीं रहेगा। सरगुजा जिले की आम जनता, विशेषकर इच्छुक महिलाएं, भी इस अवसर पर ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठा सकती हैं।
आयोजकों ने सरगुजा की महिलाओं से अपील की है कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता दिखाते हुए इस अवसर का लाभ उठाएं। ब्रेस्ट कैंसर की समय पर पहचान उपचार को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए किसी भी लक्षण की प्रतीक्षा किए बिना नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है।
इसके साथ ही सीपीआर प्रशिक्षण के माध्यम से महिला पुलिसकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए आवश्यक प्राथमिक जीवनरक्षक कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
आयोजक संस्थाओं का संदेश है कि समाज की सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था से नहीं, बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज से भी सुनिश्चित होती है। एक समय पर की गई स्वास्थ्य जांच किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है और सीपीआर का एक सही प्रयास किसी की जिंदगी बचा सकता है।
कार्यक्रम विवरण
दिनांक: 23 अगस्त 2026
समय: प्रातः 11:00 बजे से
स्थान: पुलिस लाइन, अंबिकापुर

विशेष: महिला पुलिसकर्मियों के लिए विशेष आयोजन के साथ-साथ आमजन, विशेषकर महिलाओं के लिए भी ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
“अपनों की सुरक्षा करने वालों की सेहत की जिम्मेदारी भी हमारी है।”

Related Articles

Back to top button