साप्ताहिक बाजार में चला साइबर जागरूकता अभियान, पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय…

मो.हदीस,सीतापुर :- बुधवार को आयोजित साप्ताहिक बाजार में सीतापुर पुलिस द्वारा साइबर क्राइम जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल एवं पुलिस टीम ने बाजार में मौजूद लोगों, दुकानदारों एवं ग्रामीणों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि साइबर ठग विभिन्न तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर बैंक खाते और निजी जानकारी हासिल कर रहे हैं। ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक संबंधी जानकारी एवं पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की अपील की गई। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान कॉल पर भरोसा करने तथा लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहने की समझाइश दी गई।

थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों से डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने तथा अपने आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने की अपील की।



