केंद्रीय विद्यालय अम्बिकापुर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में लहराया परचम…


अम्बिकापुर/सरगुजा:- पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अम्बिकापुर के विद्यार्थियों ने केंद्रीय विद्यालय संगठन के राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का मान बढ़ाया। विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन के लिए विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश प्रसाद एवं खेल शिक्षक के. कुजूर ने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा यह प्रतियोगिता क्षेत्रीय तथा राष्ट्रीय दो स्तरों पर आयोजित की जाती है।

क्षेत्रीय स्तर पर रायपुर के सभी केंद्रीय विद्यालय के प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया जिसमें केंद्रीय विद्यालय अम्बिकापुर के 19 विद्यार्थियों ने विविध खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। विद्यालय की छात्रा प्राप्ति चौबे एथलेटिक्स(100 मी. दौड़) में, रीमा सिंह तैराकी में, छात्र मनिंद्र नाग बॉक्सिंग में, विवेक कुमार श्याम बॉलीवॉल में, तीन विद्यार्थी योगेंद्र पाण्डेय, शिवम टोप्पो, विदित राजवाड़े खो-खो(आयु वर्ग-17) में एवं खो-खो(आयु वर्ग-14) की पूरी टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की। राष्ट्रीय स्तर पर भी के वि अम्बिकापुर के विद्यार्थियों ने अपना दबदबा बनाए रखा। राष्ट्रीय स्तर पर पूरे भारत के 25 संभाग के केंद्रीय विद्यालयों से चयनित विद्यार्थियों में केंद्रीय विद्यालय अम्बिकापुर की छात्रा प्राप्ति चौबे ने एथलेटिक्स(100 मी. दौड़) में दूसरा स्थान प्राप्त किया तथा खो-खो(आयु वर्ग-14) की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद वापस अम्बिकापुर आने पर विद्यालय के प्राचार्य, खेल शिक्षक तथा अभिभावकों द्वारा बस स्टैंड पर इन बच्चों का भव्य स्वागत किया गया। उसके बाद विद्यालय में भी इनको सम्मानित किया गया। इनके सम्मान के अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।






