प्रदेश के गृह मंत्री के प्रति पर्यवेक्षकों के सामने कार्यकर्ताओं ने दिखाएं बगावती तेवर
सूरजपुर :- प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के एकमात्र दावेदार व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा के खिलाफ सूरजपुर जिला मुख्यालय में पर्यवेक्षकों के सामने बगावत के सुर भी दिखाई पड़े। बताया गया है कि प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडल से बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पर्यवेक्षकों से मुलाकात कर दो-टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र से पार्टी की जीत तभी संभव है जब यहां से प्रत्याशी बदला जाए।कार्यकर्ताओं की इस मांग पर पर्यवेक्षकों ने विचार करने का भरोसा दिलाया है। प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे कार्यकर्ता यहीं नहीं रूके, बल्कि मीडिया से चर्चा करते हुए गृहमंत्री रामसेवक पैकरा के खिलाफ बेहद आक्रोश व्यक्त किया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे जन संघ के जमाने से पार्टी से जुड़े हुए हैं लेकिन जितनी उपेक्षा उनकी इस दौरान हुई है उतनी कभी नहीं हुई थी।पार्टी के इन कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र से गोंड़ समाज के किसी भी व्यक्ति को टिकट दिया जाता है तो ऐतिहासिक जीत होगी वर्ना इस क्षेत्र से पार्टी ऐतिहासिक हार के लिए भी तैयार रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बीते पांच साल में क्षेत्र का कोई विकास नहीं हुआ है और मंत्री जी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर कांग्रेसियों को पालते पोसते रहे। मंत्री जी पर अगर किसी कार्यकर्ता ने आवाज उठाई तो उसे पद का दुरूपयोग कर जेल भिजवाने में भी पीछे नहीं रहे। ऐसा आरोप लगाते हुए प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया।



