चोरी के शक में महिला की डंडे से बेरहमी से पिटाई, मौत…

आरोपी युवक गिरफ्तार, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज…
मो.हदीस,सीतापुर :- चोरी के संदेह में पड़ोस में रहने वाली एक महिला की डंडे से कथित रूप से बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के अभाव में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी द्वारा मामले को दबाने के लिए शव के कफन-दफन की तैयारी किए जाने की सूचना पर मोहल्लेवासियों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, खाल बगीचा स्थित अटल आवास निवासी संजय चौहान (38) पर आरोप है कि उसने चोरी के संदेह में पड़ोस में रहने वाली मानकी उर्फ संतोषी यादव के साथ मारपीट की। आरोप है कि डंडे से की गई पिटाई में महिला का एक पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद महिला काफी देर तक बेहोशी की हालत में पड़ी रही। समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद आरोपी युवक अपने कुछ साथियों के साथ शव के कफन-दफन की तैयारी में जुट गया था। इसी दौरान मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के पति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर थाना ले आयी जहा कड़ाई से पूछताछ के बाद उसके अपना जुर्म कबूल किया। मामले में पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों, मारपीट की परिस्थितियों तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है।



