मास्टरमाइंड स्कूल अंबिकापुर में खेल दिवस वार्षिक उत्सव का उत्साह पूर्वक किया गया आयोजन, अभिभावकों ने भी की शिरकत और लिए आनंद…

अंबिकापुर -: अंबिकापुर के चोपड़ापारा स्थित मास्टरमाइंड जूनियर्स स्कूल का वार्षिक खेल दिवस स्थानीय PG College के हॉकी स्टेडियम में उत्साह और उमंग के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर पूर्व माध्यमिक कक्षाओं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की खेल विधाओं में सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर एवं राष्ट्रीय गान के साथ की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन, एकता और टीम भावना का परिचय दिया।

विद्यालय के प्राचार्य मृत्युंजय पांडेय ने खेल ध्वज फहराकर खेल दिवस का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथि संजय पांडेय, प्राचार्य एवं अभिभावकों द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित कर तथा गुब्बारे छोड़कर वार्षिक खेल दिवस की खेल विधाओं की औपचारिक शुरुआत की गई।
खेल स्पर्धाओं में मेंढक दौड़, बतख चाल दौड़, बोरा दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा गुब्बारा संतुलन, चम्मच दौड़ और कोन संतुलन जैसे मनोरंजक खेल आकर्षण का केंद्र रहे।

अभिभावकों,शिक्षक-शिक्षिकाओं और दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन के बीच बच्चों ने ऊर्जा, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया। अभिभावकों के लिए भी कई प्रकार के मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। प्राचार्य मृत्युंजय पांडेय ने कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान करना है, ताकि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित हो सके।

कार्यक्रम के समापन पर वर्ष भर विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।




