सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में केंद्रीय विद्यालय अम्बिकापुर का दिखा जलवा, कक्षा 10 वीं व 12वीं का परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत…



अम्बिकापुर/सरगुजा । केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 10 वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित किये गये। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अम्बिकापुर में कक्षा 10 वीं व 12 वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहने पर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा शिक्षकों में खुशी का माहौल है। अंबिकापुर केंद्रीय विद्यालय में 10वीं में 91 बच्चों ने परीक्षा में भाग लिया था और 12वीं में 61 बच्चों ने परीक्षा में अपना भाग्य आजमाया था जिसका परिणाम शत प्रतिशत रहा।
विद्यालय में कक्षा 10 वीं की छात्रा शालिनी शिंदे ने 95.60 प्रतिशत अंक लाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्रा रिद्धि सिंहा ने 94.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय एवं छात्र देवांश चटर्जी और चिरागदीप ने क्रमश 93.60 और 93.40 प्रतिशत अंक लाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वही अगर 12वीं कक्षा की बात करे तो विद्यालय में विज्ञान संकाय के छात्र आर्यन भगत ने 89.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर 12 वीं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं विज्ञान संकाय के ही छात्र विक्की शर्मा ने 86.80 प्रतिशत तथा आदर्श सिंह 86.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्रमशः द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य वर्ग से गौरव गंभीर 82.20 प्रतिशत, शगुन तिवारी 78.40 प्रतिशत तथा प्रज्ञा दुबे ने 78.20 प्रतिशत अंक लाकर क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय के परीक्षा परिणामों पर विद्यालय के प्राचार्य राजेश प्रसाद ने समस्त शिक्षकों को साधुवाद देते हुए विद्यार्थियों को उत्कृष्ठ परिणाम के लिए बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





