स्वतंत्रता दिवस से पहले अंबिकापुर केंद्रीय जेल से 8 कैदियों की रिहाई, आजीवन सजा काट रहे कैदियों की रिहाई के बाद आंखें हुईं नम…

अंबिकापुर -: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश भर की जेलों में कैदियों की रिहाई की प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में अंबिकापुर केंद्रीय जेल से भी 8 कैदियों को रिहा किया गया है।

जेल अधीक्षक के अनुसार, जेल नियमावली 358 के तहत सजा काट रहे इन कैदियों को रिहाई दी गई है। उन्होंने बताया कि ये सभी आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे और पिछले 14-15 वर्षों से जेल में बंद थे। अचानक मिली इस रिहाई और इतने लंबे समय बाद जेल से बाहर आने के दौरान ये कैदी काफी भावुक नजर आए और उनकी आंखें नम हो गईं। जेल में इनका आचरण काफी अच्छा रहा, जिसके चलते समीक्षा बोर्ड की सिफारिश पर इन्हें समय से पूर्व रिहा किया गया है।

अधीक्षक ने बताया कि जेल नियमावली के तहत संबंधित जिले के कलेक्टर और जेल अधीक्षक की रिपोर्ट पर समीक्षा बोर्ड गठित की जाती है, जिसके आधार पर कैदियों को रिहाई मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य कैदी भी जेल नियमों का पालन करेंगे ताकि भविष्य में उन्हें भी समय से पूर्व रिहाई का लाभ मिल सके।
इस दौरान कैदियों ने जेल में रहते हुए अपने कार्यों से जो पारिश्रमिक अर्जित किया था, वह उन्हें लौटाया गया है। जिन कैदियों के बैंक खाते थे, उनमें राशि ट्रांसफर कर दी गई है, जबकि अन्य को चेक के माध्यम से पारिश्रमिक दिया गया है। जेल से रिहाई के समय कैदियों के परिजनों और अधिकारियों में काफी उत्साह और भावुक माहौल देखने को मिला।

गौरतलब है कि पूरे छत्तीसगढ़ में 17 -18 तारीख तक पूरे 101 कैदियों की समय से पूर्व रिहाई होगी इसकी सूचना भी राज शासन के द्वारा जारी की गई है




