
0 केंद्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री, कार्यकर्ताओं के प्रति आभार…
रायपुर :- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने आज साइंस कॉलेज मैदान में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद केंद्रीय नेतृत्व व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी के निर्देशन तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अपनी सम्पूर्ण क्षमता के साथ छत्तीसगढ़ के विकास और जनता की बेहतरी के लिए काम करेंगे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को कुशासन से मुक्त कर विकास की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपने वाली जनता की भावनाओं के अनुरूप काम किया जाएगा। मोदी जी की सभी गारंटियां पूर्ण होगी। किसानों, महिलाओं को दी गई गारंटी पर त्वरित गति से अमल होगा। छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर विश्वास किया है। भाजपा की सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनता के विश्वास की कसौटी पर खरी उतरेगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत के लिए किए गए संघर्ष पर विनम्र आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस की जन विरोधी, भ्रष्ट और अन्यायी सरकार को उखाड़ फेंकने भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता ने अपनी पूरी ताकत झोंककर छत्तीसगढ़ राज्य को सही दिशा देने की जिम्मेदारी भाजपा सरकार पर सौंपी है। इस शानदार जीत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने नींव के पत्थर का काम किया है।




