अंबिकापुरछत्तीसगढ़सरगुजा संभाग

एनएच-43 पर सड़क कम, गड्ढे और कीचड़ ज्यादा—व्यस्त मुख्य मार्ग बना ‘मुसीबत का सफर’…

मो.हदीस,सीतापुर :- नगर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की बदहाली ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सोनतराई से सुर तक करीब 3 किलोमीटर सड़क बड़े-बड़े गड्ढों, उखड़ी गिट्टी और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। बारिश होते ही सड़क की हालत और भी बदतर हो जाती है।


यह मार्ग नगर का मुख्य और अत्यंत व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर भारी यातायात का दबाव बना रहता है। बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया, यात्री वाहन और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क पर बने गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। ऐसे में इस मार्ग से गुजरना वाहन चालकों के लिए किसी जोखिम से कम नहीं है।
खासकर महिलाओं, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा होने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। कई बार वाहन चालक संतुलन खोकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।


शहर के अंदर से गुजरने वाली एनएच-43 अब सड़क कम और ‘गड्ढों का ट्रैक’ ज्यादा नजर आ रहा है। बारिश के बाद तो स्थिति ऐसी हो जाती है कि वाहन चालक सड़क पर सफर नहीं करते, बल्कि गड्ढों के बीच सुरक्षित रास्ता खोजते हुए आगे बढ़ते हैं। स्कूटी चालकों के लिए तो हर गड्ढा ‘सरप्राइज टेस्ट’ साबित हो रहा है।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिस सड़क से प्रतिदिन भारी यातायात गुजरता है, उसी मुख्य मार्ग की हालत लंबे समय से बदहाल बनी हुई है। सड़क की बदहाली और लगातार बढ़ते यातायात का दबाव मिलकर दुर्घटना की आशंका को और बढ़ा रहे हैं।


स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत, बड़े गड्ढों को भरने तथा जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद विभाग जागे, इससे पहले ही सड़क की स्थिति सुधारना जरूरी है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस व्यस्त मार्ग को गड्ढों और कीचड़ से कब राहत दिलाता है, या फिर सीतापुरवासियों को कुछ और समय तक ‘एनएच-43 एडवेंचर रूट’ पर सफर करने के लिए मजबूर रहना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button