सीतापुर विधानसभा में पुल नहीं, जान जोखिम में डाल रहे ग्रामीण एवं स्कूली बच्चे…

अंबिकापुर…सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिसरपानी के कदमटिकरा में विकास के दावों की पोल खोलता एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में ग्रामीण उफनते नाले को लकड़ी के सहारे पार करते नजर आ रहे हैं। बरसात के दौरान नाले का जलस्तर बढ़ जाने से आवागमन पूरी तरह जोखिम भरा हो गया है, बावजूद इसके ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर रोजाना नाला पार करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाले पर पुल निर्माण की मांग को लेकर कई बार सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से गुहार लगाई गई थी। जहां विधायक रामकुमार टोप्पो के द्वारा निरीक्षण किया गया था ।लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

कदमटिकरा के ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद अब ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द पुल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को जान जोखिम में डालकर नाला पार न करना पड़े।


