अंबिकापुरछत्तीसगढ़सरगुजा संभाग

एक करोड़ की ज्वेलरी चोरी के 21 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, सर्व ब्राह्मण समाज ने कराया समाप्त भूख हड़ताल …


छठवें दिन भी जारी रहा धरना-प्रदर्शन, सामूहिक भूख हड़ताल में पहुंचे पूर्व मंत्री अमरजीत भगत; अधिवक्ता संघ, सर्व ब्राह्मण व सर्व आदिवासी समाज ने दिया समर्थन….
मो.हदीस,सीतापुर :- नगर के श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स में 26 जुलाई को हुई करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी की घटना को 21 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा नहीं होने से व्यापारियों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी की मांग को लेकर सराफा एवं सोनी समाज का धरना-प्रदर्शन शनिवार को छठवें दिन भी जारी रहा।
स्वतंत्रता दिवस पर सामूहिक भूख हड़ताल
15 अगस्त को आंदोलनकारियों ने एक दिवसीय सामूहिक भूख हड़ताल कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत धरना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए पुलिस प्रशासन से चोरी की वारदात का तत्काल खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा चोरी गया पूरा माल बरामद कर पीड़ित परिवार को वापस दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
   अधिवक्ता संघ भी आंदोलन के साथ…
धरना-प्रदर्शन को अधिवक्ता संघ का भी समर्थन मिला। संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य धरना स्थल पर पहुंचे और व्यापारियों की मांगों के समर्थन में अपनी एकजुटता जताई। अधिवक्ताओं ने कहा कि इतनी बड़ी चोरी की घटना के तीन सप्ताह बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं लगना गंभीर विषय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी की संपत्ति बरामद करने की मांग की।


    सर्व ब्राह्मण समाज ने सौंपा ज्ञापन…
इधर सर्व ब्राह्मण समाज, सीतापुर-बतौली-मैनपाट एवं सरगुजा ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए पुलिस प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा गया कि ऐसी घटनाओं से व्यापारी वर्ग के साथ आम नागरिकों में भी असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। समाज ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
सर्व आदिवासी समाज ने भी जताई एकजुटता…
सर्व आदिवासी समाज ने भी सराफा एवं सोनी समाज के आंदोलन का समर्थन किया है। समाज की ओर से एसडीएम सीतापुर को पत्र सौंपकर क्रमिक भूख हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन के समर्थन की जानकारी दी गई। समाज ने कहा कि घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारी एवं आम नागरिकों में चिंता का माहौल है।
समर्थन देने पहुंचे समाज के लोग, कराया भूख हड़ताल समाप्त…
शनिवार को सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने सामूहिक भूख हड़ताल पर बैठे सोनी समाज के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें समर्थन एवं सांत्वना दी। इसके बाद जलपान कराकर एक दिवसीय सामूहिक भूख हड़ताल समाप्त कराई गई।
लगातार बढ़ता जा रहा आंदोलन का दायरा
एक करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले में अब व्यापारी समाज के साथ विभिन्न सामाजिक एवं पेशेवर संगठन भी एकजुट होते दिखाई दे रहे हैं। लगातार मिल रहे समर्थन के बीच आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक चोरी की वारदात का खुलासा, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button