अंबिकापुरछत्तीसगढ़सरगुजा संभाग

कारगिल विजय दिवस पर वीरों के शौर्य को किया नमन… पूर्व सैनिकों ने शहीदों की याद में किये पौधरोपण…

अम्बिकापुर:- श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बुधवार को पूर्व सैनिकों का सम्मान कर शहीदों की यादों में पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सैनिकों के सम्मान के साथ प्रारम्भ हुआ। भारत सरकार युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय, मध्यप्रदेश, छत्तीगढ़ के निर्देशानुसार मेरी माटी-मेरा देश, वसुधा का संवर्धन, वीरों का अभिनंदन विषय पर आयोजित कार्यक्रम में प्राध्यापक, विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि सीमा पर सैनिकों की चौकसी से ही भारत और उसके नागरिक सुरक्षित हैं। सैनिक देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देता है। शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर हम सभी उनके शौर्य को नमन करते हैं। १९९९ में पाकिस्तान की नापाक हरकतों, घुसपैठ को भारतीय जवानों ने करारा जवाब दिया। द्रास, कारगिल, तोलोलिंग, बटालिक, टाइगर हिल जैसे सामरिक चोटियों पर वीरता का प्रदर्शन करते हुए तिरंगा फहरा दिया। प्राचार्य ने पंच प्रण का शपथ दिलाया।


युवाओं को प्रेरित करते हुए पूर्व सैनिक श्रीकांत चौबे ने सेना के आदर्श, अनुशासन से सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जज्बा, उत्साह और अनुशासन से ही देश की रक्षा सैनिक करते हैं। समाज और देश का प्यार हमें कर्तव्य के लिए प्रेरित करता है। पूर्व सैनिक भीष्म नारायण पांडेय ने शहीदों को याद करते हुए कहा कि देश हमेशा युवाओं के मनोबल, साहस से सुरक्षित है। युवा को हमेशा कर्तव्यपथ पर आगे बढ़ते रहना होगा। पूर्व सैनिक गया प्रसाद और दयानंद खलखो ने कारगिल युद्ध के संस्मरण और शौर्य से अवगत कराया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के क्रीड़ा परिसर में पूर्व सैनिकों, कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी सत्यम द्विवेदी, खुशबू यादव, स्वयं सेवक सुमन मिंज, अमन गुप्ता, विशाल देवांगन, नवनीत मिंज, सुनिता, रिंकी गोलदार, ईशा जायसवाल, ज्योत्सना तिग्गा, प्रिया मंडल, कार्यक्रम अधिकारी देवेन्द्र दास सोनवानी, सहायक प्राध्यापक कृष्णाराम चौहान, स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. अजय कुमार तिवारी, डॉ. विकेक कुमार गुप्ता, अरविन्द तिवारी, दीपक तिवारी आदि ने पौधरोपण किया।

Related Articles

Back to top button