शौचालय बनाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठी छात्रा को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने स्वच्छ भारत मिशन का बाल आदर्श घोषित कर सम्मानित किया…
जम्मू कश्मीर: जम्मू-कश्मीर में एक 14 वर्षीय छात्रा ने शौचालय बनवाने को लेकर लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दिया, जिसका असर यह हुआ कि इलाके में आज 550 शौचालयों का निर्माण प्रशासन द्वारा करवाया जा रहा है। छात्रा से प्रेरणा लेते हुए उसके साथ पढ़ने वाले 35 और छात्रों ने भी अपने घरों में शौचालयों के निर्माण की मांग की। एक हफ्ते के भीतर ही परिवार वालों और प्रशासन को इनके आगे झुकना पड़ा। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उस लड़की को स्वच्छ भारत मिशन का बाल आदर्श बताते हुए सम्मानित किया।
दसवीं कक्षा की छात्रा निशा कुमारी को अपने स्कूल में एक चर्चा के दौरान खुले में शौच से मुक्त इलाकों और शौचालयों के इस्तेमाल के फायदों के बारे में पता चला था। जिसके बाद वह अपने परिवार और प्रशासन पर कुद बस्ती गांव स्थित अपने घर में शौचालय निर्माण का दबाव बनाने के लिए 14 मार्च को भूख हड़ताल पर बैठ गई थी। उससे प्रेरणा लेते हुए कुद के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 35 और छात्रों ने अपने घरों में शौचालयों के निर्माण की मांग की।

