शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर लोगों ने सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की…
कोरबा :टीपीनगर में स्टेडियम के करीब स्थित शराब दुकान को हटाने को लेकर आज इलाके के लोगो ने सड़क पर बैठकर धरना दिया। वे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यहाँ से शराब दुकान हटाने की मांग कर रहे थे। विरोध की वजह से शराब की यह दुकान रविवार को खुलने नहीं दी गई ।धरना प्रदर्शन की सूचना जैसे ही तहसीलदार को मिली वे आबकारी विभाग के अधिकारियो के साथ वार्ता करने पहुंचे, लेकिन भारी विरोध के चलते वे भी उच्चाधिकारियों से बातचीत करने की बात कहकर चलते बने।वहां के लोगो के मुताबिक़ वे पिछले डेढ़ साल से दुकान हटाने की मांग कर रहे है बावजूद प्रशासन ने आजतक कोई पहल नहीं की। प्रर्दशनकारियों ने बताया की शराब दुकान के पास सार्वजनिक इंदिरा स्टेडियम मौजूद है, इसके साथ ही सतनामी समाज का सतनाम भवन और सिक्ख समुदाय का गुरुद्वारा भी स्थित है,यही वजह है की धार्मिक जगह पर वे शराब की दुकान नहीं चाहते।
उनके मुताबिक़ इस मार्ग से महिलाओ को गुजरने में भारी दिक्कत भी आती है,पूरे दिन वहां शराबियो का जमावड़ा लगा रहता है। शराबियो के बीच आएं दिन मारपीट और गाली गलौच से पूरा माहौल दूषित होता है। उनका कहना है की जब तक शराब दुकान हटाने का ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता वे दुकान के सामने ही धरने पर बैठे रहेंगे। किसी भी तरह की आपात स्थिति से निबटने के लिए पुलिस की टीम धरना स्थल पर पहुंच चुकी है हालांकि अब तक प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच किसी तरह की बातचीत नहीं हो सकी है।
