बालको प्लांट के भीतर कर्मचारी पर हमला बालकों कर्मी लहूलुहान हालत में मिला, पुलिस जांच में जुटी…
कोरबा : बाल्को प्लांट के भीतर उस वक़्त कर्मचारियों में हडकंप मच गया जब उनका एक साथी कर्मी लहूलुहान हालत में प्लांट के भीतर ही बेहोशी की हालत में मिला. आनन-फानन में साथी कर्मियों की मदद से उसे शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया और बाल्को पुलिस को सूचना दी गयी. मामले में अज्ञात हमलावर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करते हुए उसकी खोजबीन शुरू कर दी है। हत्या की कोशिश से जुड़े इस घटना को लेकर बाल्को के कर्मियों में दहशत के साथ ही भारी रोष व्याप्त है। कर्मी प्लांट के भीतर हुए इस जानलेवा हमले के बाद खुद की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे है।
मिली जानकारी के मुताबिक बालको संयंत्र के प्लांट-1 के अंतर्गत ठेका कंपनी सुरेंद्रा कंपनी के कर्मचारी राजा अंचल (20) को सुबह करीब दस बजे संयंत्र के भीतर ही खून से लथपथ हालत में देखा गया। हमलावर ने उसके गले पर धारदार हथियार से वार कर उसके हाथ पैर बांध दिए थे, हमला किसने किया और हमलावर का मकसद क्या था यह चीजे अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूत्रों की माने तो बाल्को पुलिस ने देर शाम एक संदिग्ध को इस मामले में हिरासत में लिया था, हालांकि पूरे दिन उनकी ओर से इस सम्बन्ध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया, न ही बाल्को प्रबंधन ने किसी तरह की कोई टिपण्णी की है। संभवतः पुलिस सोमवार को इस पर कोई बड़ा खुलासा करेगी। दूसरी तरफ गंभीर तौर पर जख्मी राजा अंचल का इलाज बिलासपुर के अपोलो में जारी है,सूत्रों के मुताबिक़ राजा की स्थिति चिंताजनक बनी हुयी है।
