2 लाख के ब्राउन शुगर सहित एक आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने पकड़ा, आरोपी को जेल, 1 साल से धंधे में था लिप्त….
अंबिकापुर :- डिगमा ग्राम गांधीनगर थाना निवासी एक युवक को रविवार की दोपहर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 2 लाख के ब्राउनशुगर सहित पकड़ा है वह ब्राउनशुगर डिलीवरी करने के लिए अपने घर के सामने ग्राहक का इंतजार कर रहा था।पुलिस को 2 युवकों के मौके पर होने की सूचना मिली थी लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो चुका था। पकड़ा गया युवक करीब 1 साल से ब्राउनशुगर का कारोबार कर रहा था। पुलिस ने उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गांधीनगर पुलिस ने प्रेस को ब्रीफ करते हुए बताया कि पुलिस को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम डिगमा निवासी सुदीप सरकार पिता निरंजन सरकार 25 वर्ष ब्राउनशुगर के धंधे में लिप्त है। वह साई कॉलेज के सामने ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वह भागने की फिराक में था लेकिन उसे दबोच लिया गया।उसकी तलाशी लेने पर प्लास्टिक की पुडिय़ा में 10.04 ग्राम ब्राउनशुगर मिला। इसके बाद पुलिस ने ब्राउनशुगर जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जब्त ब्राउनशुगर की कीमत 2 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 22 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई आईजी हिमांशु गुप्ता द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान के तहत एसपी सदानंद कुमार के निर्देशन व एएसपी रामकृष्ण साहू तथा सीएसपी श्री यादव के मार्गदर्शन किया गया। कार्रवाई में गांधीनगर टीआई इम्मानुएल लकड़ा, एएसआई अलंगो दास, आरक्षक राकेश यादव, राजकुमार यादव तथा क्राइम ब्रांच से आरक्षक मनीष यादव व दीनदयाल सिंह शामिल थे।


