बलरामपुर
बलरामपुर जिले के प्रभारी सचिव समाधान शिविर धंधापुर पहुचें…
अनिल सोनी,बलरामपुर- लोक सुराज अभियान के तहत् आज राजस्व एवं आपदा सचिव तथा जिले के प्रभारी सचिव एन.के. खाखा ने विकासखण्ड राजपुर के ग्राम पंचायत धन्धापुर में आयोजित समाधान शिविर का आकस्मिक अवलोकन कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने समाधान शिविर में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा लगाये स्टाॅल का अवलोकन कर ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का निराकरण के संबंध में जानकारी ली। आज के शिविर में ग्रामीणों से प्राप्त 828 आवेदनों के निराकरण की स्थिति से आवेदकों को अवगत कराया गया।

जिले के प्रभारी सचिव एन.के. खाखा ने शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। प्रभारी सचिव ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन से संबंधित प्रकरणों के निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली एवं पेयजल की शिकायत न हो इसकी सतत् निरीक्षण करने के निर्देश दिये। प्रभारी सचिव ने वन विभाग एवं आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों से वन अधिकार पट्टा हेतु प्राप्त आवेदनों का पात्रतानुसार निराकरण कर वन अधिकार पट्टा वितरण करने को कहा। उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारी से विभाग में संचालित योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर श्रमिकों को योजना का अधिक से अधिक लाभ देने की बात कही। प्रभारी सचिव श्री खाखा ने शिविर में आज प्राप्त हुये आवेदनों को समय-सीमा के अन्दर निराकरण करने के निर्देश सभी विभाग के अधिकारियों को दिये।

समाधान शिविर में खाद्य विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत् चेक का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती माताओं को गोद भराई का रस्म एवं नन्हें-मुन्हें बच्चों का अन्नप्रासन्न क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का निःशुल्क शुगर, ब्लड प्रेशर जांच व गर्भवती एवं बच्चों का सिकलसेल जांच कर आवश्यक दवाई का वितरण किया गया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर एम.एल. धृतलहरे, एस.डी.एम. शिवकुमार बनर्जी, जनपद पंचायत राजपुर के उपाध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत प्रवेश पैंकरा, डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार ज्योति बी. बैरागी, क्षेत्र के सरपंच, अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधि सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।
समाधान शिविर जनकपुर में 1007 एवं नगर पंचायत वाड्रफनगर में 503 मांग/समस्याओं का हुआ निराकरण…
लोक सुराज अभियान के तहत् 21 मार्च को आयोजित समाधान शिविर में विकासखण्ड वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत जनकपुर में 1007 तथा नगर पंचायत वाड्रफनगर 503 मांग एवं शिकायत से संबंधित आम लोगों से प्राप्त हुए आवेदनों का शिविर स्थल पर समाधान कारक निराकरण की जानकारी दी गई।
विकासखण्ड वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत जनकपुर के समाधान शिविर में समाज कल्याण विभाग के द्वारा पेंशन स्वीकृत ओदश, खाद्य विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों को रसोई गैस, राशन कार्ड एवं मत्स्व विभाग द्वारा मत्स्य पालकों को जाल एवं सिफेक्स का वितरण किया गया।
सीपीएस कर्मचारियों का व्यक्तिगत विवरण 31 मार्च तक आॅनलाईन प्रविष्टि कराना अनिवार्य…
बलरामपुर- जिले के शासकीय अधिकारी/कर्मचारी जिसमें प्रथम वर्ग से लेकर चतुर्थ वर्ग तक जो नवीन अंशदायी पेंशन योजना के अभिदाता हैं। उन्हें अपने कार्यालय प्रमुख से व्यक्तिगत विवरण 31 मार्च 2018 तक आॅनलाईन पूर्ण कराना अनिवार्य है अन्यथा ई-पेरोल साॅफ्टवेयर में उनका पे-बिल बनेगा परन्तु फाइनलाईज नहीं हो पायेगा फलस्वरूप वेतन भुगतान नहीं होगा।
जिला कोषालय अधिकारी मनमोहन बड़ा ने जिले के संबंधित सर्व अधिकारी एवं कर्मचारियों को इस ओर विशेष ध्यान देने को कहा है।
चायनीज हेजरी जाबर में मत्स्य कृषकों का भ्रमण एवं प्रशिक्षण…
बलरामपुर- जिले के सामान्य एवं आदिवासी वर्ग 225 चयनित मत्स्य कृषकों को विभागीय योजनान्तर्गत तीन दिवसीय तकनीकी ज्ञान एवं प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आज 21 मार्च से 22 मार्च 2018 तक दो दिवसीय प्रशिक्षण विकासखण्ड स्तर पर दिया जा रहा है तथा 23 मार्च 2018 को विकासखण्ड बलरामपुर के चायनीज हेचरी जाबर में जिला स्तर पर मत्स्य कृषकों का भ्रमण प्रशिक्षण आयोजित किया गया है।



